भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 में वैश्विक भागीदारी बढ़ाने का प्रयास, पूरी जानकारी देखें
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो के प्रारूप को अब वार्षिक की जगह द्विवार्षिक किया जा रहा है। सन् 2027 से अब यह एक्सप्रो हर दो साल में आयोजित किया जाएगा। पहले इसे 2024 में वार्षिक कार्यक्रम के रूप में पेश किया गया था। यह फैसला उद्योग की जरूरतों और अंतरराष्ट्रीय मोटर शो के बदलते स्वरूप को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इंडस्ट्री के सूत्रों के मिली जानकारी अनुसार, आगामी संस्करण 4 से 9 फरवरी, 2027 के बीच दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के तीन प्रमुख स्थलों नई दिल्ली के भारत मंडपम, द्वारका के यशोभूमि और ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा। आइए ट्रक जंक्शन की इस पोस्ट के माध्यम से भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 के संबंध में लेटेस्ट अपडेट जानते हैं।
क्यों किया गया यह बदलाव?
इस बदलाव का उद्देश्य कंपनियों को नवाचार, अनुसंधान और बेहतर प्रस्तुति के लिए अधिक समय देना है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि हर साल एक बड़ा आयोजन करना न केवल लागत और संसाधनों की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण होता है, बल्कि इसमें नए नवाचारों की कमी भी देखने को मिलती है। इसके मुकाबले, दो साल का अंतर कंपनियों को अपने उत्पाद चक्र और रणनीतियों को बेहतर ढंग से तैयार करने में मदद करता है।
वैश्विक मोटर शो की बदलती तस्वीर
दुनिया भर में पारंपरिक मोटर शो की चमक फीकी पड़ रही है। फ्रैंकफर्ट, जिनेवा और डेट्रॉइट जैसे बड़े ऑटो शो या तो स्थगित कर दिए गए हैं या उनका रूपांतरण किया जा रहा है। इसकी वजह है डिजिटल लॉन्च की बढ़ती प्रवृत्ति, बढ़ती लागत और उपभोक्ता अनुभवों पर बढ़ता फोकस। वैश्विक मंचों पर ओईएम (OEM) की घटती भागीदारी और दर्शकों की संख्या में गिरावट ने भी इस बदलाव को गति दी है।
2025 जैसा रहेगा आयोजन प्रारूप
2025 में आयोजित एक्सपो की तर्ज पर ही 2027 का संस्करण भी आयोजित किया जाएगा। 2025 का आयोजन बेहद सफल रहा था, जिसमें लगभग 10 लाख विज़िटर और 1,500 से अधिक प्रदर्शक शामिल हुए थे। कुल 239 उत्पाद लॉन्च किए गए, जिनमें इलेक्ट्रिक वाहनों, स्मार्ट ट्रांसपोर्ट और सस्टेनेबल मोबिलिटी समाधानों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया था।
वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका में अहम परिवर्तन
भारत ने हाल ही में जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल बाजार बनने का दर्जा हासिल किया है। देश दोपहिया, तिपहिया, ट्रैक्टर और वाणिज्यिक वाहनों के मामले में भी शीर्ष पांच बाजारों में शामिल है। ऐसे में भारत मोबिलिटी एक्सपो का विस्तार और उसकी अंतरराष्ट्रीय पहचान और भी अहम हो गई है।
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 का दृष्टिकोण
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो अब केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुका है, जो मोबिलिटी इंडस्ट्री के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जैसे-जैसे उद्योग सस्टेनेबिलिटी, कनेक्टिविटी और विद्युतीकरण की ओर बढ़ रहा है, भारत का यह एक्सपो एशिया में प्रमुख नेतृत्वकर्ता मंच बनने की ओर अग्रसर है। आयोजकों के मुताबिक, 2027 का संस्करण पिछले संस्करण की तरह ही तीन स्थानों पर आयोजित किया जाएगा और इसमें वैश्विक भागीदारी को और बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी।
ट्रक जंक्शन आपके लिए भारतीय कमर्शियल व्हीकल्स मार्केट से जुड़ी सभी अपडेट लेकर आता रहता है। भारत में किसी भी ब्रांड का नया ऑटो रिक्शा, 3 व्हीलर, पिकअप, मिनी ट्रक, टेंपो ट्रैवलर, ट्रक, ट्रेलर, टिपर या ट्रांजिट मिक्सर के लॉन्च होते ही हम सबसे पहले आपको उसकी स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स की संपूर्ण जानकारी देते हैं।
ट्रक इंडस्टी से संबंधित नवीनतम अपडेट के लिए हमसे जुड़ें -
☞ Facebook - https://bit.ly/TruckFB
☞ Instagram - https://bit.ly/TruckInsta
☞ YouTube - https://bit.ly/TruckY