Montra Super Auto का नया वेरिएंट लॉन्च, 180Km+ रेंज और 10.6 kWh बैटरी के साथ मिलेंगे ये फीचर्स
नई दिल्ली, 17 नवंबर 2026: मुरुगप्पा ग्रुप की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कंपनी मोंट्रा इलेक्ट्रिक ने भारत में अपने लोकप्रिय इलेक्ट्रिक पैसेंजर थ्री-व्हीलर सुपर ऑटो का नया वेरिएंट लॉन्च किया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 3.97 लाख रुपये रखी गई है। यह इलेक्ट्रिक ऑटो एक बार फुल चार्ज होने पर 180 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज देता है। इसमें 10 kW की मोटर और 10.6 kWh का बैटरी पैक दिया गया है। साथ ही, इसमें 32% ग्रेडेबिलिटी, हिल-होल्ड असिस्ट, रिवर्स और पार्क असिस्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा, इसमें तीन राइडिंग मोड और One Montra ऐप के जरिए कनेक्टेड फीचर्स भी दिए गए हैं।
नया वेरिएंट खासतौर पर ड्राइवरों के आराम, बेहतर परफॉर्मेंस और रोजाना यात्रियों को लाने-ले जाने की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। मोंट्रा सुपर ऑटो को पांच कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकता है। ग्राहकों को बेहतर सुविधा देने के लिए कंपनी ने अपना 3S (सेल्स, सर्विस और स्पेयर पार्ट्स) नेटवर्क भी बढ़ाया है। अब देशभर में इसके 100 से ज्यादा आउटलेट हो गए हैं।
मोंट्रा सुपर ऑटो की दमदार मोटर और 180Km से ज्यादा की रेंज
नए मोंट्रा सुपर ऑटो में 10 kW की परमानेंट मैग्नेट मोटर दी गई है, जो 60 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है। इसकी 32% ग्रेडेबिलिटी क्षमता की मदद से ड्राइवर आसानी से चढ़ाई और ऊंची सड़कों पर ऑटो चला सकते हैं। इसमें 10.6 kWh का बैटरी पैक मिलता है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 180 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज देता है।
कंपनी इसके साथ 40A का ऑफ-बोर्ड चार्जर देती है। इसकी मदद से बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने में करीब 5 घंटे 30 मिनट का समय लगता है। इस इलेक्ट्रिक ऑटो में Eco, Drive और Power के तीन राइडिंग मोड मिलते हैं। ड्राइवर अपनी जरूरत के हिसाब से इनमें से कोई भी मोड चुन सकते हैं। इसके अलावा, इसमें रीजनरेटिव ब्रेकिंग की सुविधा भी दी गई है, जो ब्रेक लगाने के दौरान कुछ ऊर्जा वापस बैटरी में पहुंचाने में मदद करती है।
मोंट्रा सुपर ऑटो में मिलते हैं कई काम के फीचर्स
नए मोंट्रा सुपर ऑटो में ड्राइवरों की रोजाना की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई फीचर्स दिए गए हैं। इसमें हिल-होल्ड असिस्ट मिलता है, जो चढ़ाई पर ऑटो रुकने के दौरान उसे पीछे की ओर खिसकने से रोकता है। इससे ढलान पर दोबारा ऑटो चलाना आसान हो जाता है। इसके अलावा, इसमें रिवर्स और पार्क असिस्ट भी दिया गया है, जिससे ऑटो को पीछे ले जाने और पार्क करने में आसानी होती है।
इस इलेक्ट्रिक ऑटो में बड़े इंटीग्रेटेड LED लाइट्स दिए गए हैं, जो रात में बेहतर रोशनी देते हैं। वहीं, केबिन लाइट से रात के समय ड्राइवर को सुविधा मिलती है। सफर को आरामदायक बनाने के लिए इसमें डबल-फोर्क कॉइल-स्प्रिंग फ्रंट सस्पेंशन के साथ हाइड्रोलिक शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। इसके अलावा, इसमें 120/80 R12 रेडियल ट्यूबलेस टायर मिलते हैं।
ऑटो के पीछे सामान रखने के लिए लगेज केबिन दिया गया है, जिसमें खुलने वाला टेलगेट मिलता है। इससे ड्राइवर यात्रियों के सामान और दूसरी चीजों को आसानी से रख सकते हैं। इसके साथ ही, One Montra ऐप के जरिए कनेक्टेड फीचर्स का इस्तेमाल कर सकते हैं और अपने व्हीकल से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
मोंट्रा इलेक्ट्रिक ने ड्राइवरों की जरूरतों को दी प्राथमिकता
नया Super Auto वेरिएंट मोंट्रा इलेक्ट्रिक की 'पहले आप' सोच को दर्शाता है। कंपनी का कहना है कि वह ग्राहकों की जरूरतों को समझकर उनके रोजाना के इस्तेमाल के हिसाब से व्हीकल तैयार करती है। इसके साथ ही, कंपनी 'इज्जत' की सोच पर भी जोर देती है, जिसके तहत ऑटो चालकों की मेहनत और शहरों में उनकी अहम भूमिका को सम्मान दिया जाता है।
मोंट्रा इलेक्ट्रिक (TI Clean Mobility Pvt. Ltd.) के e3Wheeler CEO दीपेंद्र शर्मा ने कहा, "नया Super Auto वेरिएंट उन ड्राइवरों की जरूरतों को समझकर तैयार किया गया है, जो हर दिन हमारे शहरों को चलाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसमें ग्रेडेबिलिटी, रेंज, हिल-होल्ड असिस्ट और 1M ऐप जैसे फीचर्स को खास तौर पर शामिल किया गया है, ताकि ड्राइवरों को इलेक्ट्रिक व्हीकल चलाने में ज्यादा भरोसा मिले और उनकी कमाई बढ़ाने में मदद हो सके। हमें इस नए वेरिएंट को बाजार में पेश करते हुए खुशी हो रही है।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारा कैंपेन 'इज्जत मतलब पहले आप' ऑटो चालकों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है। यह नया वेरिएंट उनकी मेहनत, कमाई और सपनों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।"
मोंट्रा सुपर ऑटो की कीमत और कलर ऑप्शन
मोंट्रा इलेक्ट्रिक ने नए Super Auto वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 3.97 लाख रुपये रखी है। ग्राहक इसे पांच अलग-अलग कलर ऑप्शन में खरीद सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी ने देशभर में अपना 3S नेटवर्क बढ़ाकर 100 से ज्यादा आउटलेट तक पहुंचा दिया है। इन आउटलेट्स पर ग्राहकों को व्हीकल की खरीदारी, सर्विस और स्पेयर पार्ट्स की सुविधा मिलती है। इससे कंपनी को अपने बढ़ते इलेक्ट्रिक व्हीकल ग्राहकों तक बेहतर सेवा पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मोंट्रा इलेक्ट्रिक के बारे में जानें
मोंट्रा इलेक्ट्रिक, मुरुगप्पा ग्रुप का इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड है। मुरुगप्पा ग्रुप को कारोबार के क्षेत्र में 125 साल से ज्यादा का अनुभव है। कंपनी ऑटोमोबाइल और इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग के अपने अनुभव के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों को विकसित करने पर काम कर रही है।
मोंट्रा इलेक्ट्रिक चार प्रमुख सेगमेंट में काम करती है। इनमें हैवी कमर्शियल व्हीकल, मिड और स्मॉल कमर्शियल व्हीकल, लास्ट-माइल थ्री-व्हीलर और इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर शामिल हैं। कंपनी के पोर्टफोलियो में भारत का पहला 55 टन का इलेक्ट्रिक ट्रक ट्रेलर RHINO, 3.5 टन का स्मॉल कमर्शियल व्हीकल EVIATOR, SUPER AUTO पैसेंजर थ्री-व्हीलर, SUPER CARGO लास्ट-माइल डिलीवरी वाहन और E-27 इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर शामिल हैं।
अन्य समाचार

Mahindra Treo Yaari खरीदने से पहले जान लें ये 7 बातें: बैटरी, चार्जिंग और मेंटेनेंस
By Rakesh Khandelwal

अशोक लेलैंड पार्टनर 4 टायर vs आयशर प्रो 2055: शहर और हाईवे के लिए कौन-सा LCV खरीदें?
By Rakesh Khandelwal

₹8 लाख की Bolero Maxx 1.3 या ₹10 लाख की Tata Yodha 1700: किसमें बनेगा ज्यादा मुनाफा?
By Rakesh Khandelwal

Bharat Mobility Global Expo 2027: 4 से 9 फरवरी तक नई दिल्ली में होगा आयोजन, जानें पूरी डिटेल
By Rakesh Khandelwal











