कम खर्च, ज्यादा मुनाफा! 2026 के टॉप 5 CNG पिकअप ट्रक, जानें कीमत, पेलोड और माइलेज
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम से आज व्यापार की लागत बढ़ रही है और कमाई घट रही है। आज के दौर में हर समझदार कारोबारी रनिंग कॉस्ट घटाकर मुनाफा बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान दे रहा है। इसी वजह से भारतीय कमर्शियल व्हीकल मार्केट में सीएनजी ट्रकों की मांग तेजी से बढ़ रही है। चाहे मंडी से माल लाना हो, शहर में डिलीवरी चलानी हो या भारी लोड ढोना हो, सही सीएनजी वाहन आपके बिजनेस का खर्च आधा कर सकता है। इस लेख में जानिए देश के 5 सबसे लोकप्रिय सीएनजी कमर्शियल वाहनों की कीमत, पेलोड, माइलेज और फीचर्स की पूरी जानकारी, ताकि आप चुन सकें अपने कारोबार के लिए सबसे सही साथी।
एक नजर में: 5 सीएनजी ट्रक की तुलना
|
मॉडल |
पेलोड |
जीवीडब्ल्यू |
माइलेज |
एक्स-शोरूम कीमत |
|---|---|---|---|---|
|
टाटा ऐस गोल्ड सीएनजी |
660 किग्रा |
1630 किग्रा |
21.4 किमी |
₹5.67 - 6.13 लाख |
|
मारुति सुजुकी सुपर कैरी सीएनजी |
625 किग्रा |
1600 किग्रा |
23.24 किमी |
₹5.16 - 5.58 लाख |
|
महिंद्रा जीतो स्ट्रॉन्ग सीएनजी |
750 किग्रा |
1595 किग्रा |
35 किमी/किग्रा |
₹5.46 लाख से |
|
अशोक लेलैंड दोस्त सीएनजी |
1208 किग्रा |
2545 किग्रा |
14 - 18 किमी |
₹7.18 - 7.87 लाख |
|
आयशर प्रो 2049 सीएनजी |
2286 किग्रा |
4995 किग्रा |
11 किमी |
₹13.32 - 14.80 लाख |
1. टाटा ऐस गोल्ड सीएनजी: भरोसे का नाम, 660 किग्रा पेलोड
छोटे ट्रक की बात हो और ऐस का नाम न आए, ऐसा कम ही होता है। ऐस गोल्ड सीएनजी की कीमत ₹5.67 लाख से ₹6.13 लाख के बीच है। इसमें 694 सीसी का 2 सिलेंडर इंजन है जो 26 एचपी पावर देता है, पेलोड 660 किग्रा है और 70 लीटर का टैंक मिलता है। माइलेज 21.4 किमी और व्हीलबेस 2250 मिमी है और यह केबिन के साथ चेसिस के रूप में आता है, यानी अपनी जरूरत के हिसाब से बॉडी लगवा सकते हैं। एसी इसमें नहीं है।
अगर आप थोड़ा ज्यादा बजट रख सकते हैं तो इसका बड़ा भाई ऐस गोल्ड सीएनजी प्लस (₹6.51 - 6.82 लाख) भी देख सकते हैं।
2. मारुति सुजुकी सुपर कैरी सीएनजी: सबसे कम शुरुआती कीमत
इस लिस्ट में सबसे कम कीमत मारुति सुजुकी सुपर कैरी सीएनजी की ₹5.16 लाख से ₹5.58 लाख है। 1196 सीसी का इंजन, 625 किग्रा पेलोड, 1600 किग्रा जीवीडब्ल्यू और 23.24 किमी का माइलेज इसे इस बजट में दमदार बनाते हैं। 70 लीटर की सीएनजी क्षमता दो टैंकों (35-35 लीटर) में बंटी है। गियरबॉक्स 5 स्पीड का है और कंपनी 34% ग्रेडेबिलिटी बताती है, यानी चढ़ाई पर भी दिक्कत कम। 18 से ज्यादा सेफ्टी फीचर मिलते हैं, जिनमें इंजन इमोबिलाइजर और रियर पार्किंग सेंसर शामिल हैं।
3. महिंद्रा जीतो स्ट्रॉन्ग सीएनजी: 35 किमी/किग्रा का दावा
महिंद्रा जीतो स्ट्रॉन्ग सीएनजी की कीमत ₹5.46 लाख से शुरू होती है। 625 सीसी इंजन के साथ इसमें 68 लीटर का सीएनजी टैंक मिलता है। कंपनी के अनुसार इसका माइलेज 35 किमी/किग्रा है, हालांकि वास्तविक माइलेज लोड, सड़क और ड्राइविंग परिस्थितियों पर निर्भर करता है। पेलोड 750 किग्रा है। व्हीलबेस 2500 मिमी है, कार्गो बॉक्स 2257 मिमी लंबा है और टर्निंग रेडियस 4.3 मीटर, तो संकरी गलियों में भी आसानी रहती है। ब्रेकिंग के लिए इसमें इलेक्ट्रिक वैक्यूम पंप असिस्टेड सिस्टम है।
4. अशोक लेलैंड दोस्त सीएनजी: 1.2 टन से ज्यादा पेलोड
जब छोटे ट्रक में भी ज्यादा माल उठाना हो, अशोक लेलैंड दोस्त सीएनजी सामने आती है। कीमत ₹7.18 लाख से ₹7.87 लाख है। दो वेरिएं एलई और एलएस उपलब्ध है। इसका पेलोड 1208 किग्रा और जीवीडब्ल्यू 2545 किग्रा है। इसमें 1478 सीसी का 3 सिलेंडर इंजन 45 एचपी पावर और 105 एनएम टॉर्क मिलता है। 120 लीटर के टैंक के साथ कंपनी करीब 320 किमी प्रति फिल का दावा करती है। लोड बॉडी 8.2 x 5.3 फीट की है और कंपनी 2 साल या 75,000 किमी की वारंटी देती है। माइलेज 14 से 18 किमी बताया गया है।
5. आयशर प्रो 2049 सीएनजी: बड़े कारोबार का एलसीवी
आयशर प्रो 2049 सीएनजी इस लिस्ट का सबसे बड़ा वाहन है। 4995 किग्रा जीवीडब्ल्यू वाले इस एलसीवी की कीमत ₹13.32 से ₹14.80 लाख है और पेलोड 2286 किग्रा है। 3.2 लीटर का ई483 इंजन 95 एचपी पावर और 245 एनएम टॉर्क देता है, गियरबॉक्स 5 स्पीड का है। इसमें पावर, इको और इको+ ड्राइव मोड, फ्यूल कोचिंग और माय आयशर के जरिए रियल टाइम ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं हैं। कार्गो बॉडी एल12 (3658 मिमी) और एल10.4 (3177 मिमी) दो साइज में मिलती है। माइलेज 11 किमी बताया गया है।
आपके लिए कौन सा सही है?
- सबसे कम बजट: सुपर कैरी सीएनजी
- सबसे ज्यादा माइलेज का दावा: महिंद्रा जीतो स्ट्रॉन्ग सीएनजी
- भरोसेमंद ब्रांड और हल्का काम: टाटा ऐस गोल्ड सीएनजी
- छोटे ट्रक में ज्यादा पेलोड: अशोक लेलैंड दोस्त सीएनजी
- बड़ा कारोबार, भारी लोड: आयशर प्रो 2049 सीएनजी
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Que: सबसे सस्ता सीएनजी ट्रक कौन सा है?
इन पांच में मारुति सुजुकी सुपर कैरी सीएनजी सबसे सस्ता है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹5.16 लाख से शुरू होती है।
Que: सबसे ज्यादा पेलोड किस सीएनजी ट्रक में है?
इस लिस्ट में आयशर प्रो 2049 सीएनजी का पेलोड सबसे ज्यादा, 2286 किग्रा है। छोटे पिकअप में अशोक लेलैंड दोस्त सीएनजी 1208 किग्रा के साथ आगे है।
Que: किस सीएनजी ट्रक का माइलेज सबसे अच्छा है?
महिंद्रा जीतो स्ट्रॉन्ग सीएनजी का माइलेज 35 किमी/किग्रा बताया गया है, जो इस लिस्ट में सबसे ज्यादा है। असली माइलेज लोड और सड़क के हिसाब से बदलता है।
अन्य समाचार

सर्दियों में ट्रक की देखभाल कैसे करें? बैटरी, टायर, इंजन और ब्रेक से जुड़ी जरूरी बातें
By Rakesh Khandelwal

FADA अक्टूबर 2026: कमर्शियल व्हीकल की रिटेल बिक्री 2.29% बढ़कर 1.15 लाख यूनिट हुई
By Rakesh Khandelwal


FADA अक्टूबर 2026 रिपोर्ट: CV और 3W रिटेल सेल्स में 3.21% की बढ़ोतरी, 2.57 लाख वाहन बिके
By Rakesh Khandelwal











